रविवार, 22 नवंबर 2015

मुलायम सिंह यादव ने सैफई में मनाया 76 वाँ जन्म दिवस.....ढेरों शुभकामनाएँ और बधाई !

 राजनीति  के दिग्गज मुलायम सिंह यादव आज अपना जन्मदिन अपने पैतृक स्थान सैफई में मना रहे हैं। इस उपलक्ष्य में उत्‍तर प्रदेश के सैफई में तीन दिवसीय समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें दूसरे दिन मनोरंजन जगत की गई हस्तियों ने प्रस्‍तुति दीं। ऑस्कर अवॉर्ड विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने भी इस दौरान कार्यक्रम प्रस्तुत किया। हालांकि इस दौरान आरजेडी प्रमुख और मुलायम के संबंधी लालू प्रसाद कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। खास बात यह रही कि कभी मुलायम के खास रहे और फिर दूर हुए अमर सिंह इस कार्यक्रम में उनके काफी करीब दिखे। सपा प्रमुख का जन्मदिन पर्यावरण जागरूकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव को उनके 76 वें जन्‍मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं। पीएम ने सुबह ट्वीट कर अपने शुभकामना संदेश में कहा कि 'मुलायम सिंह यादव जी को जन्‍मदिन की शुभकामनाएं। मैं उनकी लंबी उम्र और अच्‍छी सेहत की कामना करता हूं।'

गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव का जन्म आज ही के दिन 22 नवम्बर 1939 को हुआ था। मुलायम सिंह ऐसे राजनेता हैं जो उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री व केंन्द्र सरकार में एक बार रक्षा मंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में मुलायम सिंह यादव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

मुलायम सिंह यादव का जन्म इटावा जिले के सैफई गांव में मूर्ती देवी व सुधर सिंह के किसान परिवार में हुआ था। मुलायम सिंह अपने पांच भाई-बहनों में रतनसिंह से छोटे व अभयराम सिंह, शिवपाल सिंह, रामगोपाल सिंह और कमला देवी से बड़े हैं। पिता सुधर सिंह उन्हें पहलवान बनाना चाहते थे किन्तु पहलवानी में अपने राजनीतिक गुरु नत्थूसिंह को मैनपुरी में आयोजित एक कुश्ती-प्रतियोगिता में प्रभावित करने के पश्चात उन्होंने नत्थूसिंह के परम्परागत विधान सभा क्षेत्र जसवन्त नगर से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया।

राजनीति में आने से पूर्व मुलायम सिंह आगरा विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर (एम.ए.) एव जैन इन्टर कालेज करहल (मैनपुरी) से बी. टी. किया। मुलायम ने कुछ दिनों तक इन्टर कालेज में अध्यापन कार्य भी किया । मुलायम सिंह 1967 में पहली बार विधान सभा के सदस्य चुने गए और मन्त्री बने। 1992 में उन्होंने समाजवादी पार्टी बनाई। वे तीन बार क्रमश: 5 दिसम्बर 1989 से 24 जनवरी 1991 तक, 5 दिसम्बर 1993 से 3 जून 1996 तक और 29 अगस्त 2003 से 11 मई 2007 तक उत्तर प्रदेश के मुख्य मन्त्री रहे।

इसके अतिरिक्त वे केन्द्र सरकार में रक्षा मंत्री भी रह चुके हैं। मुलायम सिंह पर कई पुस्तकें लिखी जा चुकी हैं। इनमे पहला नाम मुलायम सिंह यादव- चिन्तन और विचार का है जिसे अशोक कुमार शर्मा ने सम्पादित किया था। राम सिंह तथा अंशुमान यादव द्वारा लिखी गई मुलायम सिंह- ए पोलिटिकल बायोग्राफी अब उनकी प्रमाणिक जीवनी है।
यदुकुल की तरफ से नेताजी 'मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिवस पर ढेरों शुभकामनाएँ और बधाई !
- राम शिव मूर्ति यादव @ यदुकुल : Ram Shiv Murti Yadav @ www.yadukul.blogspot.com
हमसे फेसबुक पर भी जुड़ें -https://www.facebook.com/ramshivmurti.yadav

कोई टिप्पणी नहीं: